CM योगी का दावा- ‘सहारनपुर की घटना के पीछे राजनीतिक साजिश थी’

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सहारनपुर की घटनाओं को राजनीतिक साजिश करार देते हुए स्वीकार किया कि बहुजन समाज पार्टी (बसपा) अध्यक्ष मायावती को वहां जाने की अनुमति देना प्रशासनिक भूल थी।

योगी ने अपनी सरकार के 100 दिन पूरे होने पर यहां एक समाचार चैनल के कार्यक्रम में कहा कि सहारनपुर की घटनाओं के पीछे राजनीतिक साजिश थी। कुछ लोग राज्य का माहौल खराब करना चाहते थे, लेकिन समय रहते इस पर काबू पा लिया गया। वह मायावती को सहारनपुर जाने की अनुमति देने को प्रशासनिक भूल मानते हैं।

उनका कहना था कि स्थानीय अधिकारियों से अनुमति देने के सम्बन्ध में पूछा गया था लेकिन अधिकारियों ने उन्हें शान्ति व्यवस्था कायम रहने के प्रति आश्वस्त किया था। शान्ति व्यवस्था में खलल पड़ते ही बड़े अधिकारियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई कर दी गई।

गौरतलब है कि गत 5, 9 और 23 मई को सहारनपुर में हुए जातीय संघर्ष में 2 लोगों की मृत्यु हो गई थी। कई घायल हुए थे और लाखों रुपए की सम्पत्ति आग के हवाले कर दी गई थी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वह 24 घंटे के राजनीतिज्ञ नहीं हैं। वह समाज की सेवा के लिए इस क्षेत्र में आए हैं। लोगों की पूरी क्षमता के साथ सेवा कर रहे हैं। इसमें वह अपना शत-प्रतिशत योगदान देने की कोशिश कर रहे हैं। सेवा करने के बाद वह अन्तत: गोरखपुर लौट जाएंगे।

गोरखपुर के गोरक्षपीठ के वह पीठाधीश्वर भी हैं। वस्तु एवं सेवाकर (जीएसटी) को उन्होंने व्यापारियों और उपभोक्ताओं के हित में बताते हुए दावा किया कि इससे इंस्पेक्टर राज खत्म होगा। जनता को राहत मिलेगी। इसे लागू करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को उन्होंने धन्यवाद भी दिया।

वर्ष 2019 में उत्तर प्रदेश से लोकसभा की सभी 80 सीटों पर भाजपा का परचम लहराने का दावा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि समाजवादी पार्टी (सपा), बहुजन समाज पार्टी (बसपा) और कांग्रेस को जनता ने नकार दिया है।