CM शिवराज ने ट्वीट में ग़लत जानकारी शेयर की, लोगों ने पढ़ने-लिखने की दी सलाह

ट्वीट में ग़लत जानकारी पोस्ट करने के लिए मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की सोशल मीडिया पर जमकर खिचाईं की गई। लोगों ने उन्हें थोड़ा पढ़ने-लिखने की सलाह दे डाली।

दरअसल, निर्मला सीतारमण को रक्षा मंत्रालय की कमान सौंपे जाने के कुछ ही देर बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उन्हें बधाई देते हुए ट्वीट किया। इस ट्वीट में ग़लत जानकारी देते हुए निर्मला सीतारमण को देश की पहली महिला रक्षा मंत्री बताया गया। जिसके बाद लोगों ने मुख्यमंत्री की खिंचाई शुरु कर दी। लोगों ने मुख्यमंत्री को समान्य ज्ञान का पाठ पढ़ाते हुए याद दिलाया कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी भी इससे पहले रक्षा मंत्री रह चुकी हैं।

हालांकि, जब खिंचाई की गई तो मुख्यमंत्री को ग़लती का अहसास हुआ और इस ट्वीट को डिलीट कर दिया गया। कुछ देर बाद एक अन्य ट्वीट कर निर्मला को देश की पहली पूर्णकालिक महिला रक्षा मंत्री बनने पर पर बधाई दी गई।

बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने मंत्रिपरिषद का विस्तार किया। नए मंत्रिमंडल में 4 राज्य मंत्रियों को पदोन्नत कर कैबिनेट मंत्री का दर्जा दिया गया और 9 नए चेहरों को राज्य मंत्री बनाया गया।