जम्मू-कश्मीर के पुंछ में पाकिस्तानी सेना के हमले में हुई जवानों की मौत पर पूरे देश में गुस्सा है। कांग्रेस ने भी मोदी सरकार को इस मुद्दे पर आड़े हाथों लिया है।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केन्द्रीय मंत्री कपिल सिब्बल ने इस घटना की निंदा की है। उन्होंने केन्द्र की नरेंद्र मोदी सरकार की आलोचना करते हुए ताना भी मारा है।
सिब्बल ने कहा कि जब यूपीए की सरकार थी और पाक सैनिकों द्वारा सीजफायर का उल्लंघन किया जाता था तब भाजपा की महिला सांसद तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को चूड़ियां भेजने की बात कहती थीं।
लेकिन आज वो महिला सांसद केन्द्र सरकार में मंत्री हैं। क्या वो उसी तरह की पाकिस्तानी सैनिकों की कार्रवाई पर पीएम नरेन्द्र मोदी को भी चूड़ियां भेजेंगी?
सिब्बल का इशारा केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी पर था। उन्होंने उस वक्त संसद में पीएम मनमोहन सिंह को चूड़ियां भेजने की बात कही थी।
UPA karyakal me inki mahila MP PM ko choodiya bhejna chahti thi jb aisa haadsa hua.Ab vo mantri hain,kya apne PM ko choodiya bhejengi?-Sibal pic.twitter.com/3bfwaqj8eT
— ANI (@ANI) May 1, 2017
बता दें कि सोमवार को जम्मू-कश्मीर के पुंछ सेक्टर में सीमा पार से सीजफायर का उल्लंघन किया गया। इसमें भारतीय सेना के दो जवान शहीद हो गए। शहीद होने वालों में नायब सूबेदार परमजीत सिंह और बीएसफ के हेड कॉन्स्टेबल प्रेम सागर शामिल हैं।
हमले के बाद सेना ने बयान में बताया कि पाकिस्तान ने भारतीय सैनिकों के साथ बर्बरता भी की है। बताया गया कि यह करतूत पाक की बॉर्डर एक्शन टीम ने की।
हालाँकि पाकिस्तान की इस हरकत का भारतीय सेना ने भी जवाब दिया है। सेना ने एलओसी से मोर्टार दागे हैं।
एक सैन्य अधिकारी ने कहा कि सीमा की सुरक्षा करने वाले जवानों ने प्रभावी तौर पर पाकिस्तान को जवाब दिया है। पाकिस्तानी सेना ने पुंछ और राजौरी सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर पिछले महीने सात बार संघर्ष विराम का उल्लंघन किया था।