यूपी: PK को ढूंढ़ने वाले को कांग्रेस कार्यकर्ता देंगे 5 लाख का इनाम

नई दिल्ली: यूपी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस-सपा की हार के बाद कांग्रेस के स्टार रणनीतिकार प्रशांत किशोर (पीके) के सितारे गर्दिश में आ गए हैं। प्रशांत की यूपी चुनाव के लिए बनाई गए रणनीति पर सवाल उठने शुरू हो गए हैं।

इस बात का सबूत लखनऊ में कांग्रेस पार्टी के दफ्तर के बाहर एक पोस्टर से मिलता है। जिसमें लिखा गया है कि प्रशांत किशोर को ढूंढ़ने वाले को पांच लाख रु का इनाम दिया जाएगा। खुद कांग्रेस के राज्य सचिव राजेश सिंह की ओर से जारी इस पोस्टर में उनका मजाक उड़ाते हुए उन्हें ‘स्वयंभू चाणक्य’ यानी खुद को चाणक्य समझने वाला कहा गया है।

इसमें प्रशांत किशोर के उस दावे के बारे में बात की गई है जिसमें उन्होंने कहा था कि अगर कांग्रेस उनकी रणनीति पर अमल करती है तो पार्टी राज्य में 200 से ज्यादा सीटें जीतेगी। लेकिन सपा के साथ गठबंधन कांग्रेस ने यूपी में 105 सीटों पर चुनाव लड़ा और उन्हें सिर्फ 7 सीटें ही मिल पाई।