गाज़ियाबाद : होली की रात पति-पत्नी संदिग्ध परिस्थितियों में बाथरूम में मृत मिले

गाजियाबाद में होली की रात को पति-पत्नी संदिग्ध हालात में बाथरूम में मृत अवस्था मेंमिले। मामला इंदिरापुरम के ज्ञान खंड 1 स्थित फ्लैट नंबर 159 का है। यहां पर होली की रात (2 मार्च) को नीरज सिंघानिया (38) और उनकी पत्नी रुचि सिंघानिया (35) बाथरूम में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाए गए।

खलीज टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार नीरज के पिता प्रेम प्रकाश सिंघानिया ने बताया कि शुक्रवार शाम 5:30 बजे के करीब सभी लोग होली के विभिन्न आयोजनों में शामिल होने के बाद घर लौटे थे। उनका बेटा नीरज और बहू रुचि अपने बेडरूम में चले गए। घर में मौजूद बाकी लोग अपने-अपने कमरों में थे।

पुलिस के अनुसार होली का त्योहार मनाने के बाद शाम करीब 6 बजे नीरज और रुचि अपने कमरे में चले गए। रात 10 बजे तक जब दोनों बाहर नहीं निकले तो परिजन उन्हें खाना खाने के लिए आवाज देने लगे और दरवाजा खटखटाने लगे। करीब दो घंटे तक जब दोनों ने दरवाजा नहीं खोला तो परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।

पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा खोलकर अंदर घुसी तो नीरज और रुचि के शव बाथरूम के अंदर नग्न अवस्था में पड़े हुए थे। वहीं बाथरूम का दरवाजा भी अंदर से बंद था।