‘आप’ विधायक अमानतुल्लाह खान के खिलाफ FIR दर्ज, मनोज तिवारी को धक्का देने का आरोप !

नई दिल्ली : दिल्ली के सिग्नेचर ब्रिज के उद्घाटन समारोह में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी पर हमले के आरोप में ‘आप’ विधायक अमानतुल्लाह खान पर एफआईआर दर्ज की गई है। बताया जा रहा है कि इस FIR में दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल का भी नाम है।

मनोज तिवारी ने केजरीवाल और अमानतुल्लाह पर गैर इरादतन हत्या मामलें में केस दर्ज कराया है। आईपीसी की 6 धाराओं में केस दर्ज किया गया है।

बता दें कि दिल्ली की सिग्नेचर ब्रिज के उद्धाटन के दैरान मनोज तिवारी और आप के समर्थकों के बीच हाथापाई हो गई। मौके पर पुलिस भी मौजूद थी। एक वीडियो में मनोज तिवारी और आप कार्यकर्ता की आपस में बहस होती दिखाई दे रही है। जबकि पुलिस उन्हें रोकने की कोशिश कर रही है। भाजपा सांसद पुलिस से हाथ छुड़ाते नजर आ रहे हैं।

इस घटना के बाद मनोज तिवारी ने कहा था कि ‘आप’ के कार्यकर्ताओं ने उनके साथ गाली-गलौच और धक्का मुक्की की। हालांकि मनोज तिवारी के इस बयान के बाद ‘आप’ के नेता दिलीप पांडेय ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए कहा था कि बदसलूकी और धक्का मुक्की ‘आप’ के कार्यकर्ताओं ने नहीं बल्कि भाजपा के लोगों ने किया है।