रियाद। सऊदी अरब के शाह सलमान ने शनिवार को अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान से सम्मानित किया। शाह सलमान ने सऊदी अरब की राजधानी रियाद स्थित शाही दरबार में आयोजित समारोह में ट्रम्प को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान अब्दुल अजीज स्वर्ण पदक से सम्मानित किया।
इससे पहले अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प अपने पहले अंतरराष्ट्रीय दौरे के तहत आज सऊदी अरब पहुंचे। अमेरिका के घनिष्ठ सहयोगी सऊदी अरब ने ट्रम्प के इस दौरे को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इस दौरान दोनों देशों के बीच कई राजनीतिक और व्यापारिक समझौते किए जायेंगे जिससे इस्लामिक स्टेट के खिलाफ संयुक्त लड़ाई को बल मिलेगा।
इससे पूर्व अब्दुल अजीज स्वर्ण पदक रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, ब्रिटिश प्रधानमंत्री थेरेसा और ट्रम्प के पूर्ववर्ती राष्ट्रपति बराक ओबामा को दिया गया था। अमेरिकी राष्ट्रपति, प्रथम महिला मेलानिया ट्रम्प और व्हाइट हाउस के शीर्ष सहयोगियों का सऊदी अरब की राजधानी रियाद गर्मजोशी से स्वागत किया गया।