भारतीय नौसेना के युद्धक विमान में अचानक खराबी के कारण मॉस्को में आपात लैंडिंग

भारतीय नौसेना के एक युद्धक विमान में अचानक गड़बड़ी के कारण आपात लैंडिंग करानी पड़ी। बताया जा रहा है कि विमान के ‘चेसिस’ में खराबी आने के कारण मास्को के पास जुकोवस्की हवाई अड्डे पर आपातस्थिति में उतारना पड़ा।

रूसी मीडिया की खबरों के मुताबिक, इस समय विमान अपग्रेडेशन के लिए रूस में है। रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय नौसेना के एक अधिकारी ने बताया कि आईएल-38 विमान शुरुआती परीक्षण उड़ान पर था। इस घटना में विमान को हुए नुकसान का आंकलन किया जा रहा है। आईएल-38 विमान रूस में ही निर्मित है और पनडुब्बी रोधी युद्धक विमान है।

उन्होंने बताया कि विमान ओवरहाल और अपग्रेडेशन के लिए रूस में है। विमान के चालक दल के सभी सदस्य रूसी थे। यह घटना शनिवार को हुई थी। एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, विमान में चार पायलट और तीन तकनीकी विशेषज्ञ थे। वे सभी सुरक्षित हैं।