यूपी में बिगड़ सकते हैं माहौल, बजरंग दल और VHP जगह- जगह निकाल रहे हैं तिरंगा यात्रा!

अलीगढ़। उत्तर प्रदेश के कासगंज में गणतंत्र दिवस के मौके पर तिरंगा यात्रा के दौरान हुए बवाल ने राजनीतिक रूप ले लिया है। विवाद के बीच विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल आगरा में तिरंगा यात्रा निकाल रहे हैं।

तिरंगा यात्रा शुरू हो चुकी है, ये शहर में 40 अलग-अलग स्थानों पर निकाली जा रही है। तिरंगा यात्रा के समापन के बाद जिला मुख्यालय में ज्ञापन सौंपा जाएगा।

तिरंगा यात्रा में हिस्सा ले रहे अर्जुन प्रखंड के सह-संयोजक अभिषेक शर्मा ने कहा है कि चंदन को सच्ची श्रद्धांजलि के लिए तिरंगा यात्रा को निकाला जा रहा है।

हर गली-मोहल्ले से यात्रा को निकाला जाएगा। इस यात्रा को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। आगरा के अलावा फिरोजाबाद में भी तिरंगा यात्रा निकालने की तैयारी है।

तिरंगा यात्रा आगरा के नामेर चौराहे से शुरू होकर जिला अस्पताल तक जाएगी। जिसके बाद दीवानी चौराहे पर जाएगी, जहां पर भारत माता की प्रतिमा मौजूद है।

आपको बता दें कि 26 जनवरी को कासगंज में हुई हिंसा के बीच चंदन गुप्ता नामक युवा की गोली लगने से मौत हो गई थी। जिसके बाद प्रदेश के कई शहरों में तिरंगा यात्रा निकाली जा चुकी है। मंगलवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ में भी ABVP के कार्यकर्ताओं ने कैंडल मार्च और तिरंगा यात्रा निकाली थी।

गौरतलब है कि कासगंज हिंसा के बाद राज्य सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। कासगंज हिंसा के आरोपियों की संपत्ति की कुर्की करने के आदेश जारी कर दिए गए हैं।

मंगलवार को मामले में फरार चल रहे तीन मुख्य अभियुक्तों समेत 12 आरोपियों के घर पर संपत्ति की कुर्की का नोटिस चस्पा दिया गया। हिंसा के बाद करीब 100 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

सौजन्य- आज तक