मिस्र के उत्तरी शहर सिनाई में विस्फोट, 2 की मौत दर्जनों घायल

काहिरा: मिस्र के उत्तरी प्रांत सिनाई प्रांत में बीते रात विस्फोट हुआ जिसमें दो पुलिसकर्मियों की मौत हो गई जबकि 9 लोग घायल हो गए। समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने बताया कि उत्तरी सिनाई के अल-सफा जिले के अरिश शहर में पुलिस के बख्तरबंद वाहन को निशाना बनाकर विस्फोट किया गया था।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इलाके में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है और बम निरोधक दस्ता इलाके को खाली करा रही है। पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है। सुरक्षा बल उस इलाके में और बमों की छान-बीन कर रहे हैं।

वहीं दूसरी तरफ कुछ मीडिया रिपोर्टों में घायलों की संख्या 12 बताई जा रही है। हालांकि इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है। स्थानीय खबरों के मुताबिक, अभी तक इस हमले की किसी ने जिम्मेदारी नहीं ली है।

मिस्र के गृह मंत्रालय ने कहा है कि इस्लामिया शहर में एक कार्रवाई में पुलिस ने 14 आतंकवादियों को मार गिराया था, जिसके कुछ ही घंटो बाद यह विस्फोट हुआ है। गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले भी मिस्र के राफाह शहर के पास उत्तरी सिनाई की जांच चौकी पर कार में बम विस्फोट हुआ था, जिसमें 66 लोगों की मौत हो गई थी।