राजा भैया और उनकी पत्नी पर धोखाधड़ी का केस दर्ज

लखनऊ: प्रतापगढ़ के कुंडा से विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया व उनकी पत्नी समेत पांच लोगों के खिलाफ दरगाह थाने में धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया है। सभी पर राजा भैया के पूर्व पीआरओ राजीव यादव के नाम से बहराइच के एक्सिस बैंक में जालसाजी कर खाता खुलवाने का आरोप है। इस मामले में न्यायालय ने 24 अप्रैल को केस दर्ज करने का आदेश दिया था। इसके बाद भी पुलिस चुप्पी साधे रही। इस पर पूर्व पीआरओ ने कोर्ट में अवमानना का वाद दायर किया। तब आननफानन में दरगाह पुलिस हरकत में आई। बुधवार को केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। प्रतापगढ़ जिले के मानिकपुर गोतनी निवासी राजीव कुमार यादव पूर्व में राजा भैया के पीआरओ के रूप में काम करते थे। मार्च 2008 में पारिवारिक कार्यों से उन्होंने पीआरओ का कार्य छोड़ दिया था।