UP के मंत्री रहे गायत्री प्रजापति पर रेप का आरोप लगाने वाली महिला की बेटी किडनैप

यूपी के मंत्री रहे गायत्री प्रजापति पर रेप का आरोप लगाने वाली महिला की लड़की के अपरहण की सनसनीखेज़ ख़बर आई है।

बताया जा रहा है कि घर में घुसकर तीन बदमाश लड़की को उठाकर ले गए हैं। पीड़िता ने गायत्री प्रजापति के गुर्गों पर बेटी के अपहरण का आरोप लगाया है। मामला कर्वी इलाके के सीतापुर कस्बे का है।

बता दें कि उत्तरप्रदेश के पूर्व मंत्री गायत्री प्रजापति और उनके 6 साथियों पर महिला ने सामूहिक बलात्कार और बेटी से छेड़छाड़ का आरोप लगाया था। 17 फरवरी को सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर गायत्री प्रजापति पर मामला दर्ज किया गया। जिसके बाद गायत्री प्रजापति काफी दिनों फरार रहे और 15 मार्च को पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ़्तारी के बाद गायत्री प्रजापति को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पीड़ित महिला ने गायत्री प्रजापति पर बलात्कार के साथ नौकरी के नाम पर धोखाधड़ी और 6 लाख रुपए लेने का मामला भी दर्ज कराया था।