एंटी रोमियो स्क्वार्ड का नहीं हो रहा असर, छेड़खानी से परेशान छात्रा ने की आत्महत्या

आगरा: उत्तर प्रदेश में जब से बीजेपी की सरकार आई तब से शोहदो और मनचलों के खिलाफ एंटी रोमियो स्क्वार्ड अभियान चलाकर छेड़खानी की घटनाएं रोकने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन मनचले भी तुम डाल डाल और हम पात पात कर की कहावत पर चलते नज़र आ रहे हैं। एक मनचले की छेड़खानी से परेशान 16 साल की 12 की छात्रा ने पंखे से लटकर जान दे दी है। मलपुरा के मिढ़ाकुर निवासी 16 साल की छात्रा को उसके घर के सामने रहने वाला शानू नाम का लड़का आए दिन परेशान करता था लड़की के परेजनों का आरोप है कि इसकी शिकायत लड़के के घरवालों से भी की गई। इसके बावजूद लड़का रोज़ाना लड़के को परेशान करता और उसके छत पर आ जाता। लड़की के घरवालों ने लोकलाज के डर से इसकी शिकायत पुलिस में नहीं की,जिसका नाजायज़ फायदा उठाकर लड़का आए दिन अपनी मनमानी करता। छात्रा ने इससे आजिज़ आकर कमरे का दरवाज़ा अंदर से बंद करके फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जिसके बाद लड़की के परिजनों ने दरवाज़ा तोड़कर उसकी लाश बाहर निकाली। हालांकि परिजनों ने लड़की के आत्महत्या के बाद पुलिस में आरोपी के खिलाफ तहरीर दी है जिसके बाद पुलिस ने आरोपी समेत उसके घरवालों के​ खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश करने में जुटी है लेकिन आरोपी अपने घरवालों समेत फरार चल रहा है।