भगवान कृष्ण थे ओबीसी, पीएम मोदी और अंबेडकर हैं ब्राह्मण : गुजरात विधानसभा अध्यक्ष

अहमदाबाद। गुजरात विधानसभा अध्यक्ष राजेंद्र त्रिवेदी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और संविधान निर्माता डॉ. बीआर अंबेडकर को ब्राह्मण कहा है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि कृष्ण भगवान ओबीसी थे, जिन्हें ऋषि संदीपनी ने भगवान बनाया था। त्रिवेदी ने ये बातें गांधीनगर में ब्राह्मण बिजनेस समिट के दौरान कहीं।

इस दौरान सीएम विजय रूपानी और डिप्टी सीएम नितिन पटेल भी मौजूद थे। त्रिवेदी ने कहा कि ब्राह्मण समुदाय कभी भी सत्ता के भूखे नहीं रहे। उन्होंने कहा कि ब्राह्मणों ने राजाओं के लिए सफलता का मार्ग प्रशस्त किया है और इस दौरान चंद्रगुप्त मौर्य, श्रीराम और श्रीकृष्ण का उदाहरण दिया।

त्रिवेदी ने कहा, मैंं हमेशा कहता हूं कि ब्राह्मणों ने ही भगवान बनाए। भगवान राम एक क्षत्रिय थे, लेकिन ऋषि-मुनियों ने उन्हें भगवान बनाया। गोकुल के चरवाहे को हम ओबीसी कहेंगे, उस ओबीसी को भगवान किसने बनाया, संदीपनी ऋषि ने, एक ब्राह्मण ने, भगवान व्यास एक मत्स्यकन्या के बेटे थे और उन्हें भी ब्राह्मणों ने भगवान बनाया।

इस दौरान त्रिवेदी ने चाणक्य का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अगर चाणक्य चाहते तो खुद राजा बन जाते, लेकिन ब्राह्मण कभी सत्ता का भूखा नहीं होता। उन्होंने कहा कि ब्राह्मण हमेशा पूरे समाज की भलाई के बारे में सोचता है। मैं गर्व के साथ कह सकता हूं कि माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी भी ब्राह्मण हैं। त्रिवेदी ने कहा कि वह खुद भी ब्राह्मण हैं और उन्हें इस बात पर गर्व है।