गाजा। इस्लामिक समूह हमास का कहना है कि इजरायल के साथ संघर्ष रोकने के लिए गाजापट्टी में गुरुवार आधी रात से संघर्षविराम शुरू हो गया।
हमास के एक सूत्र ने न्यूज़ एजेंसी सिन्हुआ को बताया कि मध्यपूर्व में शांति प्रक्रिया के लिए संयुक्त राष्ट्र के विशेष समन्वयक निकोलई लादेनोव और मिस्र की मध्यस्थता से हुए इस समझौते से इजरायल और हमास के बीच एक और दौर के सैन्य टकराव का अंत होगा।
सूत्र ने पहचान उजागर नहीं करने की शर्त पर बताया कि मिस्र और संयुक्त राष्ट्र के विशेष दूत की मध्यस्थता से यह समझौता इस शर्त पर हुआ है कि इजरायल इस समझौते का सम्मान करे।
इससे पूर्व ही इजराइल ने गाजापट्टी पर हवाई हमला किया था जिसमें हमास का एक सदस्य मारा गया। इसके अलावा हमले में एक गर्भवती महिला और उसकी बच्ची की मौत हो गई थी। वहीं हमले में महिला का पति भी घायल हुआ।