म्यांमार की सीमा से लगते मणिपुर के पहाड़ी जिलों में रोहिंग्या मुसलमानों के घुसने की आशंका को जताई जा रही है। इसी के मद्देनजर राज्य में पुलिस अत्यधिक चौकसी बरत रही है।
पुलिस ने बुधवार को बताया कि पिछले तीन दिनों में गश्त बढ़ा दी गयी है। उन्होंने बताया कि फिलहाल अवैध प्रवासियों का पता नहीं लगा है और न ही कोई पड़ोसी देश से सीमा पार करते हुए पकड़ा गया है। सीमाई शहर मोरे में पुलिस बल को अत्याधिक चौकस किया गया है। उन्होंने बताया कि म्यांमा में वाणिज्यिक कस्बे तामू से सीमा पार कर बिना वैध दस्तावेजों के साथ मोरे जा रहे संदिग्ध लोगों पर नजर रखी जा रही है।
तामू के लोग वैध दस्तावेजों के साथ मोरे जा सकते हैं लेकिन उन्हें शाम चार बजे के पहले लौटना होता है। रोहिंग्या शरणार्थियों को रोकने के लिए मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने 364 किलोमीटर लंबी भारत-म्यांमा सीमा पर सुरक्षा मजबूत करने के लिए अलर्ट जारी किया था।