आरक्षण को लेकर अपनी ही पार्टी पर बिफरीं भाजपा सांसद सावित्री बाई फुले

बहराइच। काफी दिनों से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद सावित्री बाई फुले दलितों के हक को लेकर पार्टी और केंद्र सरकार पर लगातार हमले कर रही हैं। वह दलितों पर हो रहे अत्याचार की वजह से केंद्र सरकार और उत्तर प्रदेश की योगी सरकार को भी निशाने पर ले चुकी हैं।

रविवार को सावित्री फुले ने कहा, ‘बाबा साहब ने भारत के संविधान में बहुजन समाज के लिए जो व्यवस्था दी है, उसकी आज धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। संविधान को पूरी तरह लागू ही नहीं किया गया, उसके साथ खिलवाड़ किया गया है।’

उन्होंने यह भी कहा, ‘जिस दिन भारत का संविधान और आरक्षण खत्म हो जाएगा उस दिन बहुजन समाज के लोगों को अधिकार खत्म हो जाएगा। भारत के संविधान और आरक्षण के साथ जो छेड़-छाड़ हो रही है, इसकी लड़ाई हम सबको लड़नी चाहिए या नहीं।’