‘JNU को राष्ट्रद्रोहियों का अड्डा बताने वाली BJP ने पूर्व जेएनयू छात्रा को दी देश की रक्षा की ज़िम्मेदारी’

मोदी कैबिनेट में हुए फेरबदल के बाद जवाहर लाल नेहरू यूनिवर्सिटी (जेएनयू) की पूर्व छात्रा निर्मला सीतारमण को देश के रक्षा मंत्रालय की कमान सौंपी गई है। पूर्व जेएनयू छात्रा को रक्षा मंत्री बनाए जाने के बाद से सोशल मीडिया पर चर्चा का बाज़ार गर्म है।

मशहूर शायर इमरान प्रतापगढ़ी ने भी इस चर्चा में शामिल होते हुए मोदी सरकार पर तंज़ कसा। उन्होंने ट्वीट कर लिखा, “जिस JNU को राष्ट्रद्रोहियों का अड्डा बता रहे थे, उसी JNU से पढी हुईं निर्मला सीतारमण को रक्षामंत्री बनाकर देश की हिफ़ाज़त की ज़िम्मेदारी दे दी गयी!!”

वहीं संतोष कुमार नाम के एक यूज़न ने लिखा, “जेएनयू की पूर्व छात्रा निर्मला सीतारमण को NDA सरकार ने रक्षा मंत्रालय सौंपा है, अब तो JNU में टैंक आना ही आना है”।

https://twitter.com/Santosh87941537/status/904286411154628608

बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने मंत्रिपरिषद का विस्तार किया। नए मंत्रिमंडल में 4 राज्य मंत्रियों को पदोन्नत कर कैबिनेट मंत्री का दर्जा दिया गया और 9 नए चेहरों को राज्य मंत्री बनाया गया।

यह 4 मंत्री पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री धर्मेद्र प्रधान, विद्युत, कोयला, नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा व खनन मंत्री पीयूष गोयल, वाणिज्य व उद्योग मंत्री निर्मला सीतारमण और अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी हैं।

वहीं, पूर्व राजनयिक हरदीप सिहं पुरी, गजेंद्र सिंह शेखावत (सांसद), पूर्व मुंबई पुलिस आयुक्त सत्यपाल सिंह (सांसद), पूर्व नौकरशाह अल्फोंस कन्नान्थनाम और सासंदों अश्विनी चौबे, शिव प्रताप शुक्ला, वीरेंद्र कुमार, अनंत कुमार हेगड़े और राजकुमार सिंह को राज्य मंत्री बनाया गया है।