गोवा- दो महिलाओं से छेड़छाड़ के आरोपी मंदिर के पुजारी ने आत्मसमर्पण किया

पणजी। दो महिलाओं से छेड़छाड़ के आरोपी एक पुजारी ने आज गोवा में एक अदालत के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया और उसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी। यहां से 15 किमी दूर उत्तर गोवा के मांगुएशी गांव में एक प्रसिद्ध मंदिर से जुड़े रह चुके पुजारी धनंजय भावे (51) ने पोंडा कस्बे में न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी के समक्ष आत्मसमर्पण किया। मुंबई की रहने वाली दो महिलाओं ने पुजारी के खिलाफ पिछले महीने पोंडा पुलिस के समक्ष शिकायत दर्ज कराई थी।

वे दोनों फिलहाल अमेरिका में पढ़ाई कर रही हैं। दोनों महिलाओं ने पुजारी पर आरोप लगाया था कि उसने उनके साथ अलग – अलग मौकों पर मंदिर परिसर में छेड़छाड़ की। इस घटना के बाद पुजारी को मंदिर की सेवाओं से हटा दिया गया था और वह तब से लापता था। पोंडा पुलिस थाना के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पुजारी ने आज सुबह अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया और फिर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।