वॉशिंगटन। अमरीका में एक मासूम और उसकी भारतीय दादी की हत्या के जुर्म में दोषी भारतीय अमरीकी इंजीनियर को मृत्युदंड की सजा सुनाई गई है।
दोषी रघुनंदन यंदमुरी ने भारत के साल 2014 में 61 साल की भारतीय महिला और उनकी 10 महीने की नातिन को अगवाकर हत्या कर दी थी। इस मामले को फिरौती के लिए अपहरण के तौर पर देखा गया था।
स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक रघुनंदन को मौत की सजा दिए जाने की तारीख 23 फरवरी निर्धारित की गई है। हालांकि उनकी सजा स्थगित भी की जा सकती है क्योंकि पेन्सिल्वेनिया के गवर्नर टॉम वुल्फ ने 2015 से मृत्युदंड पर रोक लगा रखी है।
रघुनंदन पहले भारतीय अमरीकी हैं, जो मौत की सजा का सामना कर रहे हैं। संघीय अधिकारियों ने आरोप लगाया था कि फिरौती के लिए ये हत्याएं की गई थीं।
आंध्र प्रदेश के रहने वाले रघुनंदन H-1B वीजा पर अमरीका आए थे। उन्होंने इलेक्ट्रिकल और कंप्यूटर साइंस इंजिनियरिंग में डिग्री ली है। दोषी ठहराए जाने के बाद उन्होंने कहा था कि उन्हें मौत की सजा दी जाए।
बाद में उन्होंने अपनी सजा को लेकर अपील की, लेकिन पिछले साल अप्रैल में यह खारिज हो गई। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक उन्हें जहरीला इंजैक्शन देकर 23 फरवरी को मौत की सजा दी जाएगी।