ईरान के विदेश मंत्री जवाद जरीफ की कई मुद्दों पर सुषमा स्वराज से होगी चर्चा

तेहरान। ईरान के विदेश मंत्री जवाद जरीफ सोमवार को भारत की विदेश मंत्री सुषमा स्वराज से मुलाकात करेंगे। ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता बहरान कासमी ने बताया कि जरीफ राजनीतिक और आर्थिक प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे, जो दोनों देशों के बीच संबंधों को विस्तृत करने पर ध्यान देगा।

इस दौरान वह छह वैश्विक शक्तियों के साथ ईरान के परमाणु करार पर अमेरिका के इससे हट जाने के आलोक में भारत से समर्थन मांग सकते हैं। अधिकारियों ने बताया कि स्वराज और जरीफ की भेंट वार्ता में इस मुद्दे पर चर्चा हो सकती है। चाबहार बंदरगाह परियोजना का विषय भी इस बैठक में उठने की संभावना है।

ईरान के राष्ट्रपति हसन रूहानी फरवरी में नई दिल्ली पहुंचे थे। उस दौरान द्विपक्षीय आर्थिक संबंधों को बढ़ाने के लिए दोनों देशों के बीच नौ समझौते हुए थे। दोनों देशों के बीच पिछले कई वर्षो से मैत्रीपूर्ण संबंध रहे हैं, विशेष रूप से ईरान से भारत में कच्चे तेल का आयात किया जाता है और भारत से ईरान डीजल निर्यात होता है।

ईरान, भारत के कच्चे तेल का निर्यात करने वाला दूसरा सबसे बड़ा निर्यातक देश है। ईरान प्रतिदिन 425,000 बैरल से अधिक तेल भारत को निर्यात करता है।