रॉकेट के क्षेत्र में जापान ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। जापान ने दुनिया के सबसे छोटे रॉकेट का इस्तेमाल कर एक उपग्रह का सफल प्रक्षेपण किया है।

जापानी अंतरिक्ष एजेंसी ‘जेएएक्सए’ ने जानकारी दी कि एसएस-520 नामक रॉकेट लैंप पोस्ट के आकार का है और इसका व्यास 50 सेंटीमीटर है। इसे कागोशिमा स्थित यूकिनौरा अंतरिक्ष केंद्र से प्रक्षेपित करके इसकी कक्षा में स्थापित कर दिया।
तीन चरणीय रॉकेट टोक्यो विश्वविद्यालय द्वारा पृथ्वी की सतह के चित्र लेने के लिए विकसित किए गए लगभग तीन किलोग्राम वजनी सूक्ष्म उपग्रह को ले गया।

पिछले वर्ष एसएस-520 को प्रक्षेपण के कुछ ही समय बाद तकनीकी खराबी आने के कारण नष्ट कर दिया गया था। उसके बाद जापान ने यह सफल प्रक्षेपण किया है।
जापान की खबरों के अनुसार, अंतरिक्ष एजेंसी ने रॉकेट की लागत कम करने के लिए बाजार में सुगमता से उपलब्ध होने वाले घरेलू इलेक्ट्रॉनिक्स, स्मार्टफोन के उपकरणों का उपयोग किया।
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने छोटे उपग्रहों को अंतरिक्ष में प्रक्षेपित करने के लिए यानों की बढ़ती मांग को देखते हुए छोटे रॉकेट विकसित करने की घोषणा की है।