झारखंड: कुर्बानी को लेकर विवाद, झड़प में 7 पुलिसकर्मी और 14 ग्रामीण घायल

रांची। झारखंड के पाकुड़ के डागा पाड़ा गांव में बकरीद के मौके पर पुलिस और स्थानीय गांव वालों के बीच हिंसा हुई है। एनडीटीवी में छपी खबर के अनुसार, आरोप है कि कुर्बानी के लिए यहां गाय लाई गई थीं जिसकी खबर मिलने पर पुलिस ने इन्हें अपने कब्ज़े में ले लिया।

इससे विवाद भड़क उठा और इसके खिलाफ स्थानीय लोग लामबंद हो गए। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को गोली भी चलानी पड़ी। इस घटना में 7 पुलिसकर्मी और 14 ग्रामीण जख्मी हो गए। झारखंड में 2015 में गो हत्या पर प्रतिबंध लगा दिया गया था।

भीड़ ने महेशपुर पुलिस स्टेशन पर हमला बोल दिया। घटना की जानकारी मिलते ही आस पास के पुलिस थानों से मदद भेजी गई, जिसके बाद प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले दागे गए।

सभी घायलों को बीरभूम के अलग अलग अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही बड़े अफसर मौके पर पहुंचे और गांव में छापामारी की। फिलहाल पूरे इलाके में तनाव का माहौल है।