झारखंड पुलिस का शर्मनाक चेहरा, रिक्शे से भिजवाई जावेद की लाश

झारखंड के रांची में पुलिस का शर्मनाक चेहरा देखने को मिला। जहां पुलिस ने एम्बुलेंस की व्यवस्था न होने पर एक लाश को रिक्शे पर लादकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने शव को एक टैंक से बरामद किया था। हालांकि, पुलिस अधिकारियों ने मामला संज्ञान में आते ही जांच के आदेश दे दिए।

ये घटना रांची की चुटिया की है जहाँ पुलिस ने गुरुवार सुबह सेफ्टी टैंक से जावेद नामक युवक का शव बरामद किया। जावेद की हत्या कर उसे सेफ्टी टैंक में फेंका गया या फिर किसी दुर्घटना के कारण सेफ्टी टैंक में गिरने से उसकी मौत हुई। मृत्यु कैसे हुई अभी तक इसका पता नहीं चल पाया है।

इस पुरे प्रकरण में जो प्रक्रिया चुटिया पुलिस ने अपनाई वह पुलिसिया कार्यशैली को न सिर्फ शर्मशार कर रहा था बल्कि उसे किसी तरह से उचित नहीं ठहराया जा सकता। लाश को एक रिक्शा पर बहुत ही असम्मानीय तरीके से लादकर पोस्टमॉर्टम हाउस ले जाया गया। पुलिस के ऐसे तौर तरीके को लेकर सवाल उठने शुरू हो गए हैं।

पुलिस की इस घटिया हरकत ने तूल पकड़ लिया। कुछ ही देर में यह बात पुलिस के बड़े अधिकारियों तक पहुंच गई। जिसके फौरन बाद अधिकारियों ने इस मामले में जांच करने के निर्देश जारी कर दिए। इसके साथ जावेद की मौत को लेकर भी तफ्तीश शुरू कर दी गई।