कासगंज हिंसा: दंगाइयों ने ईदगाह की दिवार को किया ध्वस्त

लखनऊ। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कासगंज शहर में स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो रही है। लेकिन, कुछ असामाजिक तत्वों ने मंगलवार को अमनपुर स्थित ईदगाह की दीवार के एक हिस्से को क्षतिग्रस्त कर दिया। जिलाधिकारी आरपी सिंह ने बताया कि पुलिस प्रशासन ने स्थिति को तत्काल नियंत्रित कर लिया।

उन्होंने बताया कि अमनपुर में कुछ असामाजिक तत्वों ने ईदगाह की दीवार पर एक गुंबदनुमा ढांचे को क्षतिग्रस्त कर तनाव फैलाने का प्रयास किया। हालांकि, पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने तत्काल स्थिति को नियंत्रित कर लिया।

पुलिस महानिरीक्षक (अलीगढ़) संजीव गुप्ता ने कहा कि पुलिसकर्मी शहर के विभिन्न हिस्सों में गश्त और तेज करेंगे। ‘मैं खुद स्थिति पर निगाह रखे हुए हूं।’ त्वरित कार्रवाई बल (रैफ) और पीएसी के जवान पूरी तरह मुस्तैद हैं।

उत्तर प्रदेश पुलिस ने कहा है कि कासगंज हिंसा प्रकरण में अब तक सात मामले दर्ज किये गये हैं। साथ ही 33 आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

शांति व्यवस्था बनाये रखने के लिए संबद्ध धारा के तहत 81 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इसके अलावा एक डीबीबीएल बंदूक, दो कारतूस, एक एसबीबीएल देसी व चार कारतूस के अलावा आठ खोखा कारतूस बरामद किये गये हैं।

वर्तमान में जनसामान्य का आवागमन एवं दैनिक क्रिया कलाप सामान्य तौर पर चल रहे हैं। बाजार में दुकानें खुली हैं. जोन सेक्टर योजना के अनुसार निरंतर गश्त पिकेट जारी है।

सौजन्य- प्रभात खबर