कश्मीर से कन्याकुमारी तक गूंजेंगे जय श्री राम के नारे, विरोध करने वाले बन जाएँगे इतिहास- बंगाल भाजपा अध्यक्ष

शनिवार को पश्चिम बंगाल के भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष ने कहा की गुजरात से गुवाहटी और कश्मीर से लेकर कन्यकुमारी तक पूरे देश में जय श्री राम और भारत माता की जय के नारे लगेंगे। परगना जिले में एक आम सभा को सम्बोधित करते हुए घोष ने कहा कि हर तरफ़ भारत माता की जय और जय श्री राम के नारे गूंजेंगे और जो इन नारों का विरोध करेगा वो इतिहास बन जाएगा।

सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस पर प्रहार करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘आप अपनी शक्ति यहां दिखा रहे हैं। आप उगाही में लगे हुए हैं। भाजपा पूरे देश में है। इसके 11 करोड़ सदस्य हैं।

घोष की आलोचना करते हुए तृणमूल कांग्रेस के महासचिव पार्थ चटर्जी ने कहा कि भाजपा इतिहास बन जाएगी। उन्होंने कहा वे यानी  (भाजपा) इतिहास के बारे में कुछ नहीं जानते। वे केवल धर्म का दुरूपयोग कर लोगों को भड़काने का प्रयास कर रहे हैं।

आपको बता दें कि उत्तरप्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद ऐसी घटनाएं सामने आई हैं जहां जबरन ‘जय श्री राम’ बुलवाने या न बोलने पर नुकसान पहुंचाने की धमकी तक दी गई। बीते दिनों सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें कथित तौर पर एक मुस्लिम शख्‍स  को कुछ लोग जबरन जय श्री राम बोलने पर मजबूर करते दिख रहे थे। तीन दिन पहले, उत्‍तर प्रदेश के सूचना आयुक्त हाफिज़ उस्मान एक कार्यक्रम में ‘जय श्री राम’, ‘हिंदुस्तान  जिंदाबाद’, ‘भारत माता की जय’ के नारे लगवाते नजर आए थे।

31 मार्च को खबर आई थी कि सुल्‍तानपुर में कुछ लोगों ने जय श्री राम का नारा लगाते हुए साइन बोर्ड से इस्लामिक ध्वजों को उखाड़ दिया था। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर काफ़ी शेयर हुआ था।