केरल : नौसेना ने शुक्रवार को 500 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया

कोच्चि। नौसेना ने बाढ़ प्रभावित केरल में राहत और बचाव अभियान के दौरान शुक्रवार को लगभग 500 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। केरल में पिछले कुछ दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश से आई बाढ़ में जान और माल की भारी हानि हुई है।

विभिन्न जिलों में कई लोग मकानों में फंसे थे। बच्चों सहित इनमें से कई लोगों को विभिन्न जलमग्न इलाकों से बचाया गया। केरल राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण में एक सूत्र ने बताया, ‘‘केरल में अब तक की सबसे भीषण बारिश एवं बाढ़ जनित आपदाओं में कल सिर्फ एक दिन में 106 लोगों की जान गयी।

मानसून के दूसरे चरण में आठ अगस्त के बाद से मंगलवार तक 67 लोगों की मौत हुई थी। सेना, नौसेना, वायुसेना और एनडीआरएफ कर्मियों ने बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित एर्नाकुलम, पथनमथिट्टा और त्रिशूर जिलों से सुबह वहां फंसे लोगों को निकालने का काम शुरू किया। सुबह से छोटे बच्चों समेत कई बुजुर्ग एवं महिलाओं को बचाया गया।