पश्चिम बंगाल: भाजपा की रैली के दौरान बमबारी, कई नेता लिए गये हिरासत में

कोलकाता। भारतीय जनता पार्टी की पश्चिम बंगाल शाखा द्वारा आहुत लालबाजार अभियान के दौरान बमबाजी की घटना सामने आयी है। इससे दर्जनों भाजपा समर्थक घायल हो गये हैं और पुलिस ने इस मामले में अब तक एक सौ से भी अधिक लोगों को गिरफ्तार किया है।

बमबाजी की घटना के बाद पुलिस ने भाजपा समर्थकों पर लाठीचार्ज किया। भाजपा समर्थकों पर लाठीचार्ज के साथ-साथ आंसू गैस व पानी की बौछार भी की गयी।

जानकारी के अनुसार, पुलिस ने इस मामले में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, भाजपा सांसद रूपा गांगुली बेंटिक स्ट्रीट के पास धरने पर बैठ गयी हैं, पुलिस उनको वहां से हटाने की कोशिश कर रही है।

प्रभात खबर पर छपी खबर के अनुसार, गुरुवार को भाजपा का लालबाजार अभियान ब्रेबॉर्न रोड से लालबाजार की ओर बढ़ रहा था, उसी समय रैली के दौरान ही बम फटने का आवाज आयी। इसके बाद पुलिस ने भाजपा समर्थकों पर लाठीचार्ज करना शुरू कर दिया।

गौरतलब है कि प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष हावड़ा स्टेशन से हजारों की संख्या में ब्राबर्न रोड से होते हुए टी बोर्ड की ओर बढ़ रहे थे, उसी समय उनको रास्ते में ही रोका गया।

रैली में बमबाजी की घटना पर प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष ने कहा कि उनकी रैली में सभी कार्यकर्ता बिना किसी हथियार के पहुंचे थे और शांतिपूर्वक लालबाजार अभियान चलाया जा रहा था। लेकिन साजिश के तहत भाजपा की रैली में बम फेंक कर अशांति फैलायी गयी है।

ब्राबर्न रोड पर प्रदेश भाजपा की सचिव लॉकेट चटर्जी व उपाध्यक्ष जय प्रकाश मजूमदार भी रैली का नेतृत्व कर रहे थे, पुलिस ने उन पर लाठीचार्ज किया, जिससे दोनों नेता घायल हो गये हैं।

जानकारी के अनुसार, पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय कॉलेज स्ट्रीट से लालबाजार की ओर से जा रही रैली का नेतृत्व कर रहे थे, उसी समय पुलिस ने उनको आगे बढ़ने से रोका।