लिंडसे लोहान का खुलासा: इस्लाम धर्म में रुचि की वजह से अमेरिका लौटने पर काफी डरी हुई थी

न्यूयॉर्क। प्रख्यात अभिनेत्री लिंडसे लोहान ने खुलासा किया है कि इस्लाम धर्म में उनकी रुचि की वजह से वह अमेरिका लौटने पर भयभीत थी। 30 वर्षीय अभिनेत्री के यहां न्यूयॉर्क लौटने पर अटकलें गर्म थीं वह इस्लाम धर्म स्वीकार करेंगी।

इससे पहले उनके कथित तौर पर इस्लाम कबूल करने की खबर भी फ़ैल गई थी और उन्हें ट्विटर पर दुनिया भर से सन्देश भी मिले। लिंडसे लोहान ने डेलीमेल डॉट को डॉट यूके को बताया कि उन्होंने सच में कई बार कुरान का अध्ययन किया है। वह सभी धर्मों का सम्मान करती हैं। इस्लाम एक खूबसूरत धर्म है और मैं बहुत ही आध्यात्मिक हूं। धर्म परिवर्तित करने की एक प्रक्रिया होती है तथा आप रातों-रात किसी मज़हब को नहीं बदल सकते हैं।
अमरीकी राष्ट्रपति ट्रम्प द्वारा सात मुस्लिम बहुल देशों के नागरिकों के अमरीका प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने के दौरान लिंडसे लोहान ग्रीस और टर्की में थीं और वो अमेरिका वापसी को लेकर आशंकित थी। अभिनेत्री ने कहा कि सब कुछ मेरी निजी आस्था से चल रहा था इसलिए वह डरी हुई थी। पिछले दिनों इस अमेरिकी एक्ट्रेस की कुरान को हाथ में लिए हुए एक तस्वीर वायरल हुई थी जिसके बाद अंतरराष्ट्रीय मीडिया में लिंडसे लोहान द्वारा इस्लाम अपनाने की खबर आई थी।