LIVE: पेरिस में 7 धमाके, एनकाउंटर में मास्टरमाइंड अब्दुल हामिद की मौत की खबर

पेरिस:18 नवंबर 2018
फ्रांस की राजधानी पेरिस के उत्तरी इलाके सेंट डेनिस में पुलिस और आतंकियों के बीच चल रहे एनकाउंटर के बीच सात धमाके हुए हैं। इस धमाके में एक मुश्तबा औरत आतंकी ने खुद को बम से उड़ा लिया। एएफपी की रिपोर्ट के मुताबिक अब तक तीन लोगों के मारे जाने की खबर है। बताया जा रहा है कि मारे गए तीन आतंकियों में पेरिस हमले का संदिग्ध मास्टरमाइंड अब्दुल हामिद अबाउद भी शामिल है। स्थानीय समयानुसार सुबह से चल रहे एनकाउंटर के बाद पेरिस में फौज को तैनात किया गया है।

पेरिस पुलिस का कहना है कि अब तक 3 संदिग्ध मारे गए हैं। इनमें एक महिला फिदायीन भी शामिल हैं। शूट आउट के बाद पुलिस ने दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया है।

इससे पहले पुलिस ने उन हमलावरों की तलाश के लिए छापा मारा, जिन्होंने फ्रांस की राजधानी पेरिस में हमलों को अंजाम दिया था जिनमें 129 लोगों की मौत हो गई थी।

इससे पहले पेरिस हमले के संदिग्ध मास्टरमाइंड बेल्जियम वासी अब्देल हामिद अबाउद को पकड़ने के लिए शहर के उत्तरी क्षेत्र में पुलिस ने तड़के छापा मारा।

एक पुलिस सूत्र ने बताया कि यह साफ नहीं है कि इस्लामिक स्टेट का सदस्य 28 वर्षीय अबाउद उन दो-चार लोगों में से एक है, जिनके बारे में यह माना जा रहा है कि वह सेंट डेनिस के इस अपार्टमेंट में छिपे हुए हैं, जिस पर पुलिस ने छापा मारा है।

अभियान से करीब से जुड़े एक सू़त्र ने बताया कि सेंट डेनिस उपनगर में तड़के से पहले शुरू की गई छापेमारी में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस सूत्रों ने बताया कि अज्ञात लोग अब भी एक अपार्टमेंट में छिपे हुए हैं।

तड़के शुरू हुआ एनकाउंटर
इस इलाके में स्ताद द फ्रांस स्थित है। स्ताद द फ्रांस उन स्थानों में से एक है जहां बंदूकधारियों और आत्मघाती हमलावरों ने शुक्रवार को हमला किया था। फ्रांसीसी जमीन पर हुए अब तक के इन सबसे शदीद हमलों की जिम्मेदारी इस्लामिक स्टेट जिहादी समूह ने ली है।

दमकलकर्मियों ने को बताया कि वे एक अपार्टमेंट में छिपे एक सशस्त्र समूह के खिलाफ स्थानीय समयानुसार सुबह चार बजकर 31 मिनट पर अभियान में शामिल हुए।