VIDEO: साध्वी प्रज्ञा ने ईद के मौके पर किया बड़ा काम, मुसलमानों को खुश करने की कोशिश!

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से सांसद और भाजपा नेता साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर बुधवार शाम ईद उल फितर की बधाई देने शहर काजी के घर पहुंच गईं। सांसद बनने के बाद ये पहला अवसर था जब साध्वी प्रज्ञा मुसलमानों के बीच पहुंचीं।

न्यूज़ ट्रैक पर छपी खबर के अनुसार, यह मौका ईद के पवित्र त्योहार का था। लिहाज़ा साध्वी अपने साथ मिठाई का पैकेट लेकर भोपाल के शहर काजी सैय्यद मुश्ताक अली नदवी के घर पहुंचीं और उन्हें ईद की बधाई दी।

[get_fb]https://www.facebook.com/289100071497001/posts/691377891269215/[/get_fb]

शहर काजी का इस्तकबाल करने के बाद साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने परिवार के बच्चों को भी मिठाई खिलाई और उनसे बातचीत की। इसके बाद परिवार की महिलाओं से भी साध्वी ने बातचीत की। लगभग 20 मिनट तक साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर शहर काजी के घर पर रहीं।

इस दौरान मीडिया से बात करते हुए साध्वी प्रज्ञा सिंह ने कहा कि चुनाव से पहले उनके बारे में विपक्षी राजनैतिक पार्टियों द्वारा जो दुष्प्रचार किया गया, उसे आवाम ने नकार दिया है और अब पीएम मोदी के सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास जीतने के लिए ही वो यहां आई हैं।

वहीं शहर काजी ने भी ईद के अवसर पर साध्वी के घर आने पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि खुशी के मौके पर साध्वी हमारे घर आईं जो अच्छा कदम है और अब उनके साथ मिलकर भोपाल की बेहतरी के लिए कार्य करना है।

शहर काजी के घर से साध्वी के जाने के बाद जब मीडिया ने वहां उपस्थित मुसलमान समाज के लोगों से बात की तो उन्होंने भी कहा कि साध्वी से मिलकर उन्हें अच्छा लगा। उन्होंने सबसे अच्छे से बात की और चुनाव के दौरान जो कुछ भी सुना था उनसे मिलकर वैसा बिल्कुल नहीं लगा।