डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख गुरमीत राम रहीम दो साध्वियों से बलात्कार के दोषी पाए गए और उसे 20 साल की सज़ा कोर्ट ने सुनाई । राम रहीम का मामला चल ही रहा है कि मध्यप्रदेश के मंदसौर में ऐसा ही एक मामला सामने आया है। यहां के एक महंत एवं पुजारी संघ अध्यक्ष महंत जितेंद्रदास पर लखनऊ की एक डॉक्टर महिला ने अश्लील चैटिंग का आरोप लगाया है।
महंत की चैट महिला ने सोशल मीडिया पर वायरल कर दी है। चैट में न्यूड फोटो भेजने से लेकर कई अश्लील बातों के साथ संत ने महिला से प्यार का इजहार भी किया है। इधर, महंत का कहना है कि उनकी आईडी का दुरुपयोग हुआ है। फेसबुक और वाट्सएप के बारे में वे ज्यादा नहीं जानते, किसी और ने इन्हें चलाया है।
जिला पंचायत सदस्य रमेश गुर्जर, हनुमान झंडा समिति सदस्य मनोज शुक्ला, भाजपा मंडल अध्यक्ष राधेश्याम बाथर ने बताया कि महंत ने शहर में भी तीन महिलाओं का शोषण किया, लेकिन उसके प्रभाव के चलते महिलाओं ने आवाज नहीं उठाई। अब आवाज उठी है तो उसके साथ-साथ सभी महिलाओं को न्याय मिलना चाहिए।
अश्लील मैसेज व फोटो भेजने के मामले में पुलिस महंत पर आईटी एक्ट में कार्रवाई कर सकती है। यदि महिला शिकायत नहीं करती तो भी पुलिस साक्ष्यों को देखते हुए खुद भी संज्ञान ले सकती है।
टीआई ने बताया महंत के खिलाफ सामाजिक संगठन और महिला ने शिकायत की है। हालांकि, महिला के यहां नहीं होने से उससे फोन पर ही बात हुई है। महिला ने अगले महीने यहां आकर रिपोर्ट दर्ज करवाने की बात कही है। फिलहाल, मामले की जांच की जा रही है।