इस साल हज के दौरान मक्का-मदीना में खाना बनाने की नहीं है इजाज़त

इस साल मक्का और मदीना में यात्रा के दौरान इस साल हज यात्रियों को खाना बनाने की अनुमति नहीं होगी।

हर साल राजस्थान से हज पर जाने वाले हाजी हज यात्रा के दौरान अपना खाना बनाने के सामान अपने साथ ले जाया करते थे लेकिन इस साल हज यात्रियों को वहीं से बना हुआ खाना लेकर हज करना होगा।

हज 2017 के लिए प्रदेश से करीब चार हजार लोगों को हज यात्रा का मौका मिला है। जैसे ही चिट्ठी निकला उसके बाद हज यात्रियों ने पहली किस्त जमा कराई और अब हज प्रशिक्षण का सिलसिला शुरू हुआ है।

प्रशिक्षण के दौरान हर साल हज यात्रियों को इस बारे में बताया जाता था कि हज के दौरान खाना बनाने का क्या प्रबंध करना है और कैसे करना है। लेकिन इस बार हाजियों को प्रशिक्षण के दौरान साफ कर दिया गया है कि हज के दौरान मक्का में हाजियों को खाना बनाने की अनुमति नहीं होगी।

ऐसे में मक्का में रहने के दौरान आज़मीन को जितने भी कार्य पूरे करने हैं वह करलें पर इस दौरान उन्हें खाना खरीद कर ही खाना होगा।

मक्का के अलावा मदीना में भी भोजन का यही सिलसिला रहेगा। सऊदी सरकार की ओर से मदीना में भी आज़मीन को खाना बनाने की अनुमति नहीं दी गई है।

ऐसे में मदीना में 10 दिन रहने के दौरान हज कमेटी की ओर से हज यात्रियों के लिए भोजन का प्रबंध किया जाएगा और खाने के लिए उनसे पैसे लिए जाएंगे।