उपचुनाव में ममता बनर्जी ने बीजेपी को दिखाई औकात , सुल्तान अहमद की पत्नी ने जीत दर्ज की

कोलकाता। पश्चिम बंगाल की उलूबेरिया लोकसभा सीट और नोआपाड़ा विधानसभा सीट के लिए हुए उपुचनाव में तृणमूल कांग्रेस ने आज जीत हासिल कर राज्य की राजनीति में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की बादशाहत कायम रखी। उलूबेरिया लोकसभा सीट से तृणमूल कांग्रेस की साजदा अहमद और नोआपाड़ा विधानसभा सीट से सुनील सिंह ने जीत हासिल की।

तृणमूल ने उलूबेरिया सीट पर अपना कब्जा बरकरार रखा जबकि नोआपाड़ा सीट उसने कांग्रेस से छीनी है। दोनों सीटों के घोषित परिणाम के मुताबिक भाजपा दूसरे स्थान पर रही और उसके बाद माक्र्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी(माकपा) और कांग्रेस रहे।

उलूबेरिया संसदीय सीट से श्रीमती साजदा ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के अनुपम मलिक को चार लाख 74 हजार 201 के रिकार्ड मतों से हराया। भाजपा उम्मीदवार को दो लाख 93 हजार 18 वोट मिले तथा माकपा के सबीरुद्दीन को एक लाख 38 हजार 792 वोट मिले।

कांग्रेसी उम्मीदवार एम हुसैन वारशी को मात्र 23 हजार 168 वोट मिले और उनकी जमानत जब्त हो गयी। उत्तरी 24 परगना जिले में नोआपाड़ा विधानसभा सीट से तृणमूल प्रत्याशी सुनील सिंह ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के संदीप बनर्जी को 63 हजार 18 मतों से पराजित किया।

बनर्जी को 38 हजार 711 मत मिले जबकि माकपा की गार्गी चटर्जी को 35 हजार 497 तथा कांग्रेस के गौतम बोस को महज 10 हजार 527 मत मिले।