ममता बनर्जी ने विवेकानंद और नेताजी के जन्मदिन पर अवकाश घोषित करने का प्रधानमंत्री से आग्रह किया

कोलकाता। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से स्वामी विवेकानंद और नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर राष्ट्रीय अवकाश घोषित करने की मांग की है। इसके लिये ममता ने पीएम मोदी को पत्र भी लिखा है और कहा है कि इन दोनों महान विभूतियों की जन्मतिथि पर राष्ट्रीय अवकाश होना चाहिये।

मुख्यमंत्री ने अपने पत्र में कहा है कि भारत के स्वतंत्रता सेनानी सुभाष चंद्र बोस और भारत के मनीषी व देश के युवा को दिशा प्रदान करने वाले स्वामी विवेकानंद के जन्मदिन पर राष्ट्रीय अवकाश की घोषणा की जाये। उनका कहना है कि दोनों ही देश के लिये अनमोल व्यक्तित्व रहे हैं।

ममता बनर्जी ने ट्वीट कर इस बात की जानकारी दी है। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा है कि स्वामी विवेकानंद और नेताजी सुभाषचंद्र बोस राष्ट्रीय ही नहीं अंतराष्ट्रीय आइकॉन हैं। मालूम हो कि पश्चिम बंगाल में स्वामी विवेकानंद की जयंती 12 जनवरी को मनाई जाती हैं।

इसे युवा दिवस के रूप में मनाया जाता है. वहीं 23 जनवरी को सुभाष चंद्र बोस की जयंती का पालन किया जाता है। इन दोनों दिन रज्य सरकार की ओर से अवकाश दिया जाता है।