बीफ़ विवाद: काजोल के समर्थन में आईं ममता बनर्जी

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने एक्ट्रेस काजोल का समर्थन किया है। ममता ने कहा कि यह एक खतरनाक प्रवृत्ति है जब कुछ लोग दूसरों की भोजन की आदतों के लिए असहिष्णु बन जाते हैं।

ममता बनर्जी ने कहा कि बीफ़ से जुड़ा वीडियो शेयर करने के बाद काजोल को ट्रोल किया गया। जबकि अब यह साफ़ हो गया है कि वह भैंस का मांस था, गाय का नहीं।

उन्होंने कहा कि यह एक बहुत ही संवेदनशील मुद्दा है, जो किसी की धार्मिक भावनाओं को आहत कर सकता है, मैं यह बिल्कुल भी नहीं चाहती। इसीलिए मैं इस मुद्दे पर कुछ नहीं बोलना चाहती हूं।

बता दें कि बीते दिनों काजोल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसमें काजोल एक पार्टी में थी जिसमें वह बता रहीं हैं कि उनके एक दोस्त ने पार्टी के लिए बीफ का व्यंजन बनाया है।

यह वीडियो काजोल के फेसबुक व इंस्टाग्राम पर मौजूद था लेकिन बाद में उन्होंने इसे हटा लिया था। विवाद होने पर काजोल ने कहा कि यह ग़लतफ़हमी है। वो भैंस का मीट था जो कानूनी तौर पर उपलब्ध है।