दंतेवाड़ा में छठवीं बटालियन में पदस्थ जवान ने चरित्र पर शक के चलते पत्नी के गुप्तांगों में करंट लगाकर उसकी हत्या कर दी। मामले को छिपाने के लिए उसने पत्नी को बीमार बताया और भाटापारा से शव लेकर सरगांव स्थित अपने गृहग्राम खजुरी आ गया।
यहां मृतका के मायकेवालों की आपत्ति के बाद उसने अपनी पत्नी की हत्या करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है। सुरेश मिरी (33) छठवीं सशस्त्र बटालियन में पदस्थ है। उसकी पदस्थापना दंतेवाड़ा में है।
10 जुलाई को सुरेश छुट्टी पर भाटापारा आया था। वह अपनी पत्नी के चरित्र पर शक कर आए दिन विवाद करता था। मंगलवार दोपहर करीब एक बजे भी उनके बीच विवाद हुआ।
इस बीच उसकी पत्नी बाथरूम में थी तभी आरोपी जवान बिजली का सामान लेकर वहां पहुंचा फिर प्लग में तार लगाकर पत्नी के प्राइवेट पार्ट पर करंट लगा दिया जिससे उसकी मौत हो गई।