मशकूर अहमद उस्मानी बने AMU छात्र संघ के अध्यक्ष

अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) छात्र संघ चुनाव के अध्यक्ष पद पर बिहार के मशकूर अहमद उस्मानी ने जीत दर्ज की है।  उपाध्यक्ष पद पर कश्मीर के सज्जाद सुभान राथर चुने गए हैं, जबकि सचिव पद पर यूपी के मो. फहद विजयी रहे हैं। एएमयू छात्र संघ चुनाव के इतिहास में पहली बार तीनों पदों पर अलग-अलग राज्यों के छात्र काबिज हुए हैं, वहीं उपाध्यक्ष पद जैसे महत्वपूर्ण पद पर भी पहली बार किसी कश्मीरी छात्र ने विजय हासिल की है। हालांकि चुनाव परिणामों की एएमयू प्रशासन की तरफ से अधिकृत घोषणा नहीं की गई थी।
सोमवार को हुए एएमयू छात्र संघ चुनाव में एबीके गर्ल्स स्कूल में हुई मतगणना में शुरुआती रुझान दिलचस्प रहे। अध्यक्ष पद के प्रत्याशी मशकूर अहमद उस्मानी पर भरोसा कर छात्रों ने वोटों की बौछार कर दी। दूसरे स्थान पर भाजपा के बरौली विधायक ठाकुर दलवीर सिंह के पौत्र ठाकुर अजय सिंह रहे। एएमयू में हुए अब तक छात्र संघ चुनावों में पहली बार किसी हिंदू छात्र ने अध्यक्ष पद के लिए कांटे की टक्कर दी। उपाध्यक्ष पद पर एजाज अहमद, विक्रांत जौहरी एवं सज्जाद सुभान राथर के बीच टक्कर रही।

सचिव पद पर मो. फहद और अदनान में कांटे का मुकाबला हुुआ। सोमवार को पांच बजे तक मतदान के बाद करीब 7.30 बजे से मतगणना शुरू कर दी गई। अध्यक्ष पद पर तीन, उपाध्यक्ष पद पर छह और सचिव पद पर पांच प्रत्याशियों के बीच मुकाबला था। इसके अतिरिक्त 10 कैबिनेट सदस्य एवं 11 कोर्ट सदस्यों के लिए भी मतगणना चल रही थी। साढ़े 13 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं ने रिकार्ड मतदान किया है।