झारखंड: चोटी काटने के अफ़वाह के बाद महिला की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या

रांची। साहेबगंज जिले के राजमहल प्रखंड के राधानगर थाना क्षेत्र में चोटीकटवा के संदेह में शनिवार को भीड़ ने एक महिला की पीट-पीट कर हत्या कर दी। बेकाबू भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस पहुंची, तो उस पर भी भीड़ ने हमला कर दिया।

भीड़ के हमले में इंस्पेक्टर रैंक के पुलिस अधिकारी समेत दर्जनों लोग घायल हो गये। आत्मरक्षा में पुलिस को हवाई फायरिंग करनी पड़ी। जवाब में भीड़ ने पुलिसवालों पर पत्थर फेंकने शुरू कर दिये। राधानगर में तनाव का माहौल बना हुआ है। भारी पुलिस बल को एसपी के नेतृत्व में घटनास्थल के लिए रवाना कर दिया गया है।

बताया जाता कि राधानगर थाना क्षेत्र के मीरनगर गांव में शनिवार को एक महिला की चोटी कटने की खबर आयी। इसके बाद ग्रामीणों में दहशत फैल गयी। अफरा-तफरी मच गयी। इसी बीच, कुछ लोगों ने दो अनजान व्यक्ति को गांव से बाहर जाते देखा। शक के आधार पर लोगों लोगों का पीछा किया गया।

कटहलबाड़ी मोड़ के समीप से साधु के वेश में जा रहे एक अधेड़ पुरुष और एक महिला को पकड़ कर स्थानीय लोग मीरनगर स्थित उप स्वास्थ्य केंद्र परिसर में ले गये। इन लोगों ने पुरुष और महिला केसाथ मारपीट करने की कोशिश की, लेकिन गांव के बुद्धिजीवियों ने बीच-बचाव कर उन्हें बचाया। बाद में दोनों को एक कमरे में बंद कर दिया गया।

इसी क्रम में दो अन्य लोगों के गांव में होने की सूचना मिल गयी। राधानगर गांव के समीप से भीड़ एक महिला और एक बच्चे को पकड़ कर मीरनगर उपस्वास्थ्य केंद्र परिसर ले आया। इसी दौरान किसी ने इन्हें चोटीकटवा गिरोह का सदस्य बताया और उसकी पिटाई शुरू कर दी। जैसे ही एक-दो लोगों ने इन पर हाथ उठाया, उसके बाद पूरा भीड़ ने उनकी पिटाई शुरू कर दी।

भीड़ ने एक महिला और एक बच्चा समेत तीन लोगों को बुरी तरह से पीटा। एक महिला और एक बच्चे को पीट-पीट कर अधमरा कर दिया। भीड़ की पिटाई में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गयी। भीड़ से बचा कर उसे राजमहल अनुमंडलीय अस्पताल में दाखिल कराया गया, जहां बाद में उसकी मौत हो गयी।