योगी राज में खुद पार्टी की महिला कार्यकर्ता सुरक्षित नहीं, BJP ज़िलाध्यक्ष पर लगाया अश्लील हरकत करने का आरोप

उत्तरप्रदेश की बीजेपी सरकार ने लड़कियों की सुरक्षा के लिए एंटी रोमियो स्कॉयड बनाया है लेकिन जब बीजेपी के नेताओं पर ही गंभीर आरोप लगे तो मामला और भी संजीदा हो जाता है।

हाथरस में बीजेपी जिलाध्यक्ष रामवीर सिंह परमार पर पार्टी की महिला पदाधिकारी ने छेड़छाड़ और अश्लील बातें करने का आरोप लगाया है। इन आरोपों के बाद जिले की सियासत गरमा गई है।

पीड़ित महिला पदाधिकारी का आरोप है कि रामवीर सिंह परमार ने 9 अप्रैल को उन्हें पार्टी कार्यालय पर बुलाया, जहां वो अकेले थे। उन्होंने उनके साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। विरोध करने पर बीजेपी जिलाध्यक्ष ने पद से हटाने की धमकी दी।

बाद इसके इस घटना के बारे में पीड़ित महिला ने अपने पति का बताया, जिसके बाद वो चुप रही। लेकिन एक शादी समारोह में रामवीर सिंह परमार ने उनके साथ फिर गंदी हरकत की। जिससे परेशान होकर पीड़ित महिला ने उनके खिलाफ शिकायत करने का फैसला किया।

पीड़ित महिला का ये भी आरोप है कि जब इस मामले की कोतवाली में एफआईआर दर्ज कराने आ रही थी तब बीजेपी जिलाध्यक्ष ने दो गुर्गे भेजकर उनको धमकाया।

महिला ने कहा कि अब तक वो पार्टी हित में चुप थीं। इससे पहले भी महिला कार्यकर्ताओं के साथ बीजेपी जिलाध्यक्ष छेड़छाड़ कर चुके हैं।

गुरुवार को पीड़ित पदाधिकारी के समर्थन में कई महिलाओं ने कोतवाली का घेराव किया और आरोपी बीजेपी जिलाध्यक्ष के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की।

बता दें कि कुछ दिन पहले ही एक महिला अधिकारी ने बीजेपी नेता और कार्यकर्ताओं पर जबरन उनके बेडरूम में घुसने की शिकायत मंत्री से की थी।

इस आरोप पर मंत्री बहुत ही बेशर्म भरा जबाव आया था कि उत्साह में कार्यकर्ताओं से गलती हो जाती है। लेकिन अब आरोप बीजेपी की ही महिला नेता ने लगाया है। देखना है कि बीजेपी आलाकमान क्या कार्रवाई करती है।