भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से निलंबित सांसद कीर्ति आजाद ने कहा है कि अमित मालवीय भाजपा के स्टीव स्मिथ हैं। पूर्व क्रिकेटर कीर्ति आजाद ने भारतीय जनता पार्टी के आईटी सेल के हेड अमित मालवीय की तुलना बॉल टैम्परिंग में फंसे ऑस्ट्रेलियाई कप्तान स्टीव स्मिथ से की है।
समाचार चैनल एनडीटीवी से बातचीत के दौरान कीर्ति आजाद ने कहा कि भाजपा को अविंलब अमित मालवीय को पार्टी के आईटी सेल से हटा देना चाहिए। कीर्ति आजाद पहले भी कई मौकों पर पार्टी की खुलकर आलोचना कर चुके हैं।
Watch | Amit Malviya has turned out to be the #SteveSmith of BJP: Kirti Azad to NDTV pic.twitter.com/0O3kuzxGfR
— NDTV (@ndtv) March 27, 2018
वर्ष 2015 में कीर्ति आजाद ने दिल्ली में क्रिकेट के भ्रष्टाचार का खुलासा किया था। उन्होंने अपनी ही पार्टी के नेता अरुण जेटली पर निशाना साधा था और कहा था कि जिस वक्त डीडीसीए में घोटाला हुआ था उस वक्त अरुण जेटली इसके अध्यक्ष थे।
कीर्ति आजाद को पार्टी लाइन से अलग जाने और अरुण जेटली की आलोचना करने के बाद निलंबित कर दिया गया था। अब एक बार फिर कीर्ति आजाद ने पार्टी के आईटी सेल हेड अमित मालवीय को घेरा है।
दरअसल आईटी सेल के प्रभारी अमित मालवीय ने चुनाव आयोग से पहले ही कर्नाटक विधानसभा चुनाव की तारीख ट्वीट कर दी। उनके इस ट्वीट के बाद विवाद काफी बढ़ गया।