औरंगाबाद दंगा- सभी दलों के मुस्लिम विधायकों का धरना, महाराष्‍ट्र में सियासी तूफान!

महाराष्‍ट्र मंत्रीमंडल की बैठक में  सभी दलों के  मुस्लिम विधायक मुख्यमंत्री के खिलाफ धरने पर बैठ गए। जिससे कुछ घंटों के लिए महाराष्‍ट्र में सियासी तूफान मच गया। मुस्लिम विधायकों में कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और एमआईएम के विधायक शामिल थे।

विधायक मुख्यमंत्री को औरंगाबाद दंगे के वीडियो दिखाना चाहते थे, लेकिन मुख्यमंत्री ने इसके लिए उन्हें समय नहीं दिया। इससे नाराज हो कर विधायक धरने पर बैठ गए। धरने पर बैठने वालों में कांग्रेस के विधायक आसिफ शेख अब्दुल सत्तार समाजवादी पार्टी के विधायक अबू आसिम आजमी और एमआईएम के विधायक इम्तियाज जलील और वारिस पठान शामिल थे।

3 घंटे तक मुस्लिम विधायक मंत्रालय की सीढ़ियों पर धरने पर बैठे रहे। उसके बाद मुख्यमंत्री कार्यालय से संदेश आया कि मुख्यमंत्री रात 9 बजे इन विधायकों से मिलेंगे। उसके बाद विधायकों ने अपना धरना आंदोलन समाप्त किया।

बता दें कि कुछ दिन पहले औरंगाबाद में रात के समय मुस्लिम समाज के व्यापारियों की 100 दुकानें जला दी गई थीं और बड़े पैमाने पर वाहनों की तोड़फोड़ की गई थी। इस दंगे को हिंदू-मुस्लिम रंग देने की कोशिश भी की गई थी। इसी दंगे के कुछ विडियो फुटेज मुस्लिम विधायक मुख्यमंत्री को दिखाना चाहते थे। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री से उनके सरकारी आवास पर मुलाकात का वक्त मांगा था, लेकिन मुख्यमंत्री ने वक्त देने से इनकार कर दिया था। इसके बाद सभी विधायक मंत्रालय में आए और मंत्रालय की सीढ़ियों पर धरना शुरू कर दिया।