क्रबिस्तान के गड्ढे में गिरी गाय को मुसलमानों ने बचाया

देश में एक तरफ जहाँ गाय के नाम पर गौ रक्षकों के आतंक की खबरे लगातार आ रही हैं। वहीँ दूसरी तरफ मुसलमान फर्जी दिखावे से इतर गाय की भलाई की लिए सोच रहे हैं।

अभी बीते कल खबर आई थी जिसमे कच्छ  के एक मुस्लिम युवक ने आवारा गायों की देखभाल की मांग को लेकर अनशन पर बैठने का ऐलान किया था।

बहरहाल, इस बीच अब यूपी के मुसलमानों ने कब्र में गिरी गाय को बचाकर मिसाल पेश की है। ये घटना रविवार 9 जुलाई की बताई जा रही है।

दरअसल कुछ यूँ कि मुरादाबाद के शाहबाद रोड के पास स्थित कब्रिस्तान में दोपहर के समय गाय घास चरने गई थी। इस दौरान गाय एक कब्र के पास गहरे गड्ढे में जा गिरी।

करीब एक घंटे तक गाय गड्ढे में पड़ी रही। तभी वहां से गुजर रहे मुस्लिम समुदाय के लोगों ने 100 नंबर पुलिस को इसकी सूचना दी।

इसके बाद लोगों ने गाय को निकालने की कोशिश शुरू कर दी। तभी 100 नंबर पुलिस व कोतवाली के नगर हल्का इंचार्ज अजीत सिंह भी मौके पर पहुंच गए।

गाय को निकालने के रेस्क्यू आपरेशन में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया। तकरीबन डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद गाय को सकुशल बाहर निकाला जा सका।

इसके बाद दोनों समुदाय के लोगों ने गले मिलकर आपसी सौहार्द और भाईचारे को मजबूत करने का आह्वान किया।