म्यांमार: बौद्ध बहुल म्यांमार में अल्पसंख्यक रोहिंग्या मुसलमानों के साथ हिन्दू परिवार भी वहां से घर छोड़ कर भागने पर मजबूर हो रहे हैं।
म्यांमार में जारी हिंसा की वजह से अब तक 400 से ज्यादा हिंदू भी अपना घर छोड़ चुके हैं। वहां से भाग रहे हिंदुओं में से ज्यादातर महिलायें और बच्चे हैं।
इसी बीच उनपर हिंसा काफी बढ़ रही है। कईयों के घरों को आग लगा दी गई है और कईयों की हत्या कर दी गई है। दरअसल बीते कई सालों से रोहिंग्या मुसलमानों और बौद्धों के बीच संघर्ष जारी है, जिसके साथ हिंदू भी प्रभावित हो रहे हैं।
बौद्ध बहुल म्यांमार में रोहिंग्या मुसलमानों पर कई तरह के प्रतिबंध और उनपर हिंसा होती हैं। जिसकी वजह से हजारों की संख्या में रोहिंग्या मुसलमान अपना बचाव करने के लिए बांग्लादेश भाग चुके हैं।
रोहिंग्या लोग म्यांमार सरकार पर नस्लीय हिंसा का आरोप लगाते रहे हैं। कॉक्स बाज़ार में हिंदू बुद्धिस्ट क्रिस्चियन यूनिटी काउंसिल के नेता स्वपन शर्मा ने बताया कि उखिया के कुटुप्लोंग शरणार्थी शिविर से 412 हिंदुओं ने मंदिरों और आसपास की जगहों में शरण ले रखी है। जिसकी पुष्टि खुद कॉक्स बाजार के जिला प्रशासन ने भी की है।