नकवी ने की सऊदी के राजदूत से मुलाक़ात, भारत के हाजियों का कोटा बढ़ाने पर जताया आभार

केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य राज्यमंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा है कि हज यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। नकवी ने भारत हज यात्रा के वार्षिक कोटे में बढ़ोतरी किये जाने पर सऊदी अरब सरकार का आभार भी जताया।

नकवी ने भारत में सऊदी अरब के राजदूत साउद बिन मुहम्मद अलसाती के साथ बैठक के बाद कहा कि भारत के हज यात्रियों की सुविधा जैसे वीजा प्रक्रिया, आवास, यातायात आदि विषयों पर उनके साथ विस्तार से सकारात्मक चर्चा हुई है।

अंत्योदय भवन में हुई इस भेंट में नकवी ने डा. अलसाती से भारत के हाजियों की सुविधाओं को लेकर चर्चा की।

हज 2017 के लिए सऊदी अरब द्वारा कोटे में की गई वृद्धि के बाद हज कमेटी ऑफ इंडिया के माध्यम से 1,25,025 हाजी हज यात्रा पर जायेंगे जबकि 45,000 हज यात्री निजी टूर ऑपरेटरों के माध्यम से हज पर जायेंगे।

इस तरह इस साल कुल 1,70,025 हज यात्री भारत से हज यात्रा पर जायेंगे।

नकवी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत और सऊदी अरब के द्विपक्षीय सम्बन्ध और भी मजबूत हुए हैं।