पंजाब में क्रिसमस पर ईसाइयों को जो भी नीचे गिराएगा उनकी आंख निकाल ली जाएगी- नवजोत सिंह सिद्धू

पंजाब के मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू ने क्रिसमस डे पर विवाद करने वालों को गुरुवार को धमकी दी है और कहा की जो भी पंजाब में ईसाइयों को नीचे गिराएगा उनकी आंख निकाल ली जाएगी। किसी को भी त्योहार में खलल डालने की इजाजत नहीं दी जाएगी। सिद्धू ने कहा सभी समुदाय पंजाब में शांतिपूर्ण रहते हैं और हर व्यक्ति को किसी भी धर्म का प्रचार और उसे मानने का पूरा हक है।

मेरी सरकार ने वादा किया है कि प्रत्येक समुदाय को उनके धार्मिक त्योहार मनाने के लिए उन्हें स्वतंत्र और निष्पक्ष वातावरण दिया जाएगा। इसके साथ ही सिद्धू ने कहा कि प्रत्येक धर्म के लोगों के लिए स्वर्ण मंदिर के द्वार खुले हैं। पंजाब में सभी धर्म के लोग पूर्ण सामंजस्य के साथ रहते हैं। हम वादा करते हैं कि राज्य सरकार किसी को भी शांतिपूर्ण माहौल को खराब करने नहीं देगी।
मसीह महासभा और जालंधर स्थित रोमन कैथोलिक चर्च का नेतृत्व करने वाले बिशप फ्रांको मुलाक्कल भी इस कार्यक्रम में मौजूद थे। उन्होंने देश के अलग-अलग भागों में क्रिसमस मनाने को लेकर हो रहे विवाद पर चिंता जताई। बिशप फ्रांको ने कहा “देश के कई भागों में ईसाइयों को क्रिसमस मनाने की इजाजत नहीं दी रही है। यह हमारे बुनियादी मानवअधिकारों का उल्लंघन है। प्रत्येक व्यक्ति को अपना त्योहार मनाने की इजाजत मिलनी चाहिए। यह जानकर बहुत ही आश्चर्य होता है कि कुछ लोगों के लिए क्रिसमस एक मुद्दा बन गया है लेकिन मैं बहुत संतुष्ट हूं कि पंजाब में ईसाइयों को क्रिसमस मनाने की पूरी छूट मिली हुई है। राज्य में इस प्रकार की कोई परेशानी नहीं है।”