दिल्ली के त्रिलोकपुरी इलाके में एक महिला को मृत जानवर का मांस खिलाने की कथित घटना सामने आई है। ये मामले शनिवार को सामने आया जिसके बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। बताया जा रहा है कि जिन दो परिवारों के बीच विवाद हुआ है वो दोनों अलग-अलग समुदाय से आते हैं।
पुलिस के मुताबिक, एक महिला और उसके बेटे पर आरोप लगा है कि उन्होंने एक अन्य महिला को जबरन मृत जानवर का मांस खिलाने की कोशिश की। दोनों आरोपियों की पहचान रोजो और 23 वर्षीय विशाल को तौर पर हुई है। पुलिस ने इन दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।
नजमा नाम की पीड़िता के हवाले से एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि खोडा कलोनी के रहने वाले रोजो और उसके बेटे विशाल मांस का टुकड़ा और चाकू लेकर नजमा के घर में घुस गए। इससे पहले की नजमा कुछ समझ पाती मां-बेटे ने उसके साथ बदतमीजी और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करना शुरू कर दिया।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि विशाल ने नजमा के पीछे से उसके दोनों हाथों को जकड़ लिया और उसकी मां रोजो ने जबरदस्ती मांस का टुकड़ा उसके मुंह में डालने की कोशिश करने लगी। इसके बाद नजमा ने चिल्लाना शुरू किया और उसे सुनकर पड़ोसी उसके घर के बाहर आकर जमा हो गए।
जब मां-बेटे ने ने घर के बाहर भीड़ इकट्ठा होता देखा मांस का टुकड़ा नजमा के घर में ही छोड़कर फरार हो गए। इसके बाद इस मामले की शिकायत मयूर विहार पुलिस थाने में दर्ज कराई गई।
इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मांस का टुकड़ा अपने कब्जे में ले लिया और जांच के लिए भेज दिया। वहीं इस मामले के सामने आने के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।
बताया जा रहा है कि दोनों आरोपी पहले नजमा के पड़ोस में ही रहते थे। लेकिन एक छोटे से विवाद के बाद वो खोडा कलोनी में शिफ्ट हो गए थे। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्हें एक तांत्रिक ने सलाह दी थी कि अगर आप बुराइयों से बचना चाहते हैं तो नजमा को मांस खिलाना होगा।