अयोध्या: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का अयोध्या दौरे को लेकर सियासत गरमा गया है। योगी आज सुबह करीब सवा नौ बजे अयोध्या पहुंचे हैं जहां वो तकरीबन नौ घंटें तक रहेंगे। खबरों के मुताबिक, योगी बाबरी मस्जिद विवादित स्थन पर रखे रामलला के दर्शन लिए गए हैं। योगी यूपी के दूसरे मुख्यमंत्री जो इस तर विवादित स्थल का दौरा कर रहे हैं। उनसे पहले 2002 में राजनाथ सिंह ने मुख्यमंत्री रहते इस स्थल का दौरा किया था।
योगी का यह दौरा बाबरी विध्वंस केस में लालकृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी और उमा भारती जैसे भाजपा के वरिष्ठ नेताओं पर आरोप तय होने के महज 24 घंटे के भीतर हो रहा है। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री बनने के बाद योगी का अयोध्या जाना तय था लेकिन बाबरी विध्वंस केस में भाजरा के वरिष्ठ नेताओं पर आरोप तय होने के तुरंत बाद उनका अचानक से अयोध्या जाना कई तरह का संदेह खड़ा करने वाला है। यही वजह है कि इसके कई सियासी निहितार्थ निकाले जा रहे हैं।
माना जा रहा है कि योगी के इस दौरे से भाजपा लोगों को यह संदेश देना चाहती है कि राम मंदिर का मुद्दा उसके लिए अभी भी अहम है और वह उसके एजेंडे में शामिल है। इसके अलावा योगी आदित्यनाथ के अयोध्या से ही उपचुनाव लड़ने के भी कयास लगाए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री के इस दौरे को ध्यान में रखते हुए फैजाबाद जैसे कई इलकों में भारी सुरक्षा इंतजाम किया गया है। बताया जा रहा है कि योगी डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय में पार्टी के पदाधिकारियों से मुलाकात करने वाले हैं। इसके अलावा प्रशासनिक अधिकारियों के साथ भी उनकी एक मीटिंग होने वाली है और महंत नृत्य गोपालदास के जन्मोत्सव कार्यक्रम में भी शामिल होना है।