पूर्व भाजपा नेता के.एन. गोविंदाचार्य ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर कर कहा है कि रोहिंग्या मुसलमान देश की सुरक्षा के लिए खतरा हैं। इन सभी को जल्द उनके देश वापस भेज दिया जाना चाहिए।
अपनी याचिका में गोविंदाचार्य ने कहा है कि रोहिंग्या मुसलमानों की वजह से देश की अर्थव्यवस्था और संसाधन पर बोझ पड़ेगा। याचिका में कहा गया है कि ऐसे तमाम रोहिंग्या मुसलमानों की पहचान कर उन्हें वापस उनके देश भेज दिया जाना चाहिए।
मालूम हो कि बृहस्पतिवार को इंडिक कलेक्टिव नामक समूह ने भी याचिका दायर पर रोहिंग्या मुसलमानों को वापस उनके देश भेजने की मांग की थी। इन दोनों याचिकाओं पर सोमवार को उस याचिका के साथ सुनवाई होगी, जिसमें रोहिंग्या मुसलमानों को वापस म्यांमार भेजने के सरकार के निर्णय को चुनौती दी गई है।
ज्ञात रहे की म्यांमार के रख़ाइन प्रांत में जारी हिंसा की वजह से न सिर्फ हजारों रोहिंग्या मुस्लमान अपना घर छोड़कर भाग रहे हैं बल्कि म्यांमार में अल्पसंख्यक रोहिंग्या मुसलमानों के साथ 500 रोहिंग्या हिंदू परिवार भी बांग्लादेश सीमा की ओर भागने को मजबूर हैं। इनमें बड़ी संख्या में महिलाएं व बच्चे शामिल हैं। हजारों रोहिंग्या जान बचाकर बांग्लादेश और भारत भाग चुके हैं।