बेल्जियम के सम्राट और महारानी ताज महल का दीदार कर शुरू करेंगे अपना भारत का दौरा

भारत आ रहे बेल्जियम के सम्राट फिलिप और महारानी माथिल्डे ताज महल की यात्रा के साथ रविवार को देश के सात दिवसीय दौरे की शुरूआत करेंगे।

भारत में बेल्जियम के राजदूत जान लुएक्स ने शनिवार को बताया कि 2013 में गद्दी संभालने के बाद फिलिप का भारत का यह पहला आधिकारिक दौरा होगा। वर्ष 2010 में फिलिप ने युवराज के तौर पर बेल्जियम के ट्रेड मिशन का नेतृत्व किया था। दौरे का मकसद व्यापार सहित अन्य क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों को बढ़ावा देना है।

यह यात्रा दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंधों के 70 साल होने के मौके पर भी हो रही है। लुएक्स ने शुक्रवार शाम एक कार्यक्रम के इतर पीटीआई को बताया, ‘‘शाही दम्पति पांच नवंबर की शाम भारत आ रहे हैं। इसके बाद वह ताजमहल देखने जाएंगे।”

उन्होंने कहा कि दौरे का अगला चरण दिल्ली से शुरू होगा जहां वह दो दिन रहेंगे और अंत में मुंबई में दो दिन रहेंगे। वे 11 नवंबर की सुबह विदा होंगे। फिलिप यहां राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से भी मिलेंगे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ वार्ता करेंगे। फिलिप के साथ एक शिष्टमंडल भी भारत आएगा जिसमें बेल्जियम की कंपनियों के 90 सीईओ होंगे।